देश की दुर्दशा के लिए कांग्रेस जिम्मेदार : बची सिंह

द्वाराहाट। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बची सिंह रावत ने देश और राज्य की दुर्दशा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। यहां लोनिवि विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भारत को विशिष्ट देशों की श्रेणी तक पहुंचाने और विकास के लिए भाजपा को लोकसभा चुनाव में बहुमत से विजयी बनाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से अब तक सबसे अधिक देश में राज किया, लेकिन इन 67 वर्षों में कांग्रेस ने भारत को आर्थिक गुलामी की ओर अग्रसर कर दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा नेता नरेंद्र मोदी सर्वाधिक लोकप्रिय नेता के रूप में उभरकर आए हैं। देश की जनता स्वच्छ, ईमानदार, भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान के संकेत दे रही है।
श्री रावत ने कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के कुशासन से देश और प्रदेश विकास में पिछड़ गया है। राज्य में आपदा राहत के पैसे के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की कुनीतियों को जनता के सामने उजागर करने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय से काम करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। भाजपा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोक सिंह बजेठा, संजय मठपाल, सुधीर मठपाल, कैलाश भट्ट, मुकुल साह, भूपेंद्र कांडपाल, निखिल उपाध्याय, अभिषेक चौधरी आदि मौजूद थे। श्री रावत ने नैनीताल जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन हर्बोला की माता के निधन पर कौला गांव जाकर परिजनों को सांत्वना दी।

Related posts