देश का विकास ही वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि : बुटेल

बिलासपुर। हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने कहा है कि आज हम देश की आजाद फिजा में सांस ले रहे हैं। यह वीर सपूतों की बदौलत है। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम देश और प्रदेश विकास में निरंतर कार्य करते रहें। श्री बुटेल बिलासपुर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यातिथि ने चंगर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, महिला होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड की परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में हिमाचल के सपूतों का भी विशेष योगदान रहा है। कांगड़ा के सोमनाथ पहले परमवीर चक्र विजेता थे। जिला बिलासपुर से 3026 सैनिक तीनों सेना में सेवाएं देकर देश की रक्षा में जुटे हैं। जिला बिलासपुर से परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार ने जिले का नाम रोशन किया है। हवलदार उधम सिंह को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। इस जिले से वीर भंडारी राम विक्टोरिया क्रास विजेता भी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला रेशम उत्पादन, मत्स्य पालन और पॉलीहाउस निर्माण में प्रदेश का अग्रणी जिला है। 66 वर्ष के इस सफर में देश व प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश में राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा में 50 अतिरिक्त एंबुलेंस शामिल की गई है। उधर, जिला न्यायिक परिसर बिलासपुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव भारद्वाज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर अधिवक्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। जिला स्तरीय समारोह में मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर, विधायक बंबर ठाकुर, रिखी राम कौंडल, रणधीर शर्मा, पूर्व विधायक बीरूराम, तिलकराज, बाबूराम गौतम, स्वतंत्रता सेनानी अमरनाथ डोगरा, नगर परिषद अध्यक्षा रजनी शर्मा, उपायुक्त बिलासपुर डा. अजय शर्मा, पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा, सहायक आयुक्त प्रभा शर्मा, एसडीएम एमएल मेहता, सीएमओ डा. एमएल कौशल, जीएम डीआईसी रमेश वर्मा तथा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts