
बागेश्वर। सरयू नदी से देवलचौरा पेयजल लिफ्ट योजना स्वीकृत होने से दर्जनों गांव के लोगों को पेयजल मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इस योजना के लिए धन स्वीकृत हो गया है। ग्रामीणों ने इसके लिए क्षेत्रीय विधायक ललित फर्स्वाण के प्रति आभार जताया।
देवलचौरा पेयजल योजना की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। अब सरकार ने उनकी यह मांग मान ली है। योजना के निर्माण के लिए धन भी स्वीकृत हो गया है। योजना से बिजोरिया, कोलाग, हिरमोली, खुल्दोड़ी, भाटनीकोट, करूली, गाजली, तुपेड़, चिड़ंग, चिनेली, कुकरोली, देवलचौरा आदि गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने योजना स्वीकृत होने पर विधायक ललित फर्स्वाण और मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के प्रति आभार जताया है। आभार जताने वालों में कांग्रेस के ब्लाक सचिव प्रवीण सिंह मेहता, एनएसयूआई के ललित मेहता, दीवान सिंह मेहता, सुंदर राम, दीवान सिंह खेतवाल, लाल सिंह खेतवाल, पूर्व प्रधान राजू खेतवाल, धन सिंह बिष्ट आदि शामिल हैं।
