
नूरपुर (कांगड़ा)। जवाली उपमंडल की कैहरियां पंचायत में शनिवार को एक देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। वारदात के समय महिला घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। इसी दौरान आरोपी देेवर ने अपनी भाभी के सिर व कंधे पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। प्रथम दृष्टया आरोपी पर मृतका को तंग करने का आरोप है। इसके चलते पीड़िता और उसके पति ने पुलिस में भी शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि इसी खुन्नस में उसने यह कदम उठा लिया। जवाली पुलिस ने आरोपी देेवर के खिलाफ भादंसं की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रचना देवी (33) पत्नी राज कुमार शनिवार सुबह कपड़े धो रही थी। इसी दौरान आरोपी कृष्ण देव उर्फ पिंकू (29) पुत्र हरनाम सिंह निवासी बसंतपुर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। रचना के चीखने की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहा उसका चाचा ससुर जरम सिंह घर पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इससे जरम सिंह की अंगुली कट गई। इस बीच जरम सिंह के दो बेटे भी वहां पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को दबोचकर पिता की जान बचाई। इसके उपरांत जवाली पुलिस को सूचित किया गया। इस बीच घायल रचना के पड़ोसी उसे सीएचसी जवाली ले गए, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रेफर कर दिया गया। लेकिन घायल रचना ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतका का पति राजकुमार टैक्सी चलाता है और शुक्रवार शाम को सवारियां लेकर शिमला गया हुआ था। जबकि आरोपी बेरोजगार है। मृतका अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गई है। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उधर, मृतका के परिजनों ने अस्पताल में रोष प्रदर्शन भी किया।
