
रोहडू। नावर क्षेत्र की टिक्कर पंचायत में रसोई गैस के लिए हाहाकार मच गई है। हालत यह है कि पंचायत में छह माह से गैस की सप्लाई नहीं आ रही है। इस कारण गृहिणियों को खाना बनाना मुश्किल हो गया है। देवरीघाट में नवंबर माह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं आई है। इसके बाद आज तक सप्लाई नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली प्रति गहरा रोष जताया है।
देवरीघाट में करीब सौ घरों से अधिक की बस्ती है। गांव में पिछले वर्ष नवंबर माह में रसोई गैस की सप्लाई भेजी गई थी। उसके बाद से देवरीघाट में गैस की सप्लाई नहीं भेजी गई है। कई बार मांग उठाने के बाद भी रसोई गैस की सप्लाई गांव में नहीं भेजी गई। स्थानीय निवासी धन प्रकाश खिमटा, महेंद्र पापटा, बलवान जगीथटा, सुरेश खिमटा, सोहन लाल, संजू चौहान, रजनीश चौहान, जयकृष्ण टेगटा, चैन राम चौहान, बृज लाल खिमटा, जाटु राम, महिला मंडल प्रधान मदरू देवी, अजय गौंडका, मान सिंह गौंडका ने बताया कि छह माह से गांव में रसोई गैस की सप्लाई नहीं आ रही है।
इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के बिक्री पर्यवेक्षक जोगिंद्र सारटा ने बताया कि जल्द ही देवरीघाट में रसोई गैस की सप्लाई भेज दी जाएगी।
