देवराज शर्मा बने महासंघ के जिला प्रधान

मंडी। प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (मनकोटिया गुट) की जिला इकाई मंडी के चुनाव सर्वसम्मति से करवाए गए। चुनाव अधिकारी पीएन आजाद, सह चुनाव अधिकारी एलआर चौहान, राज्य पर्यवेक्षक नरेश कुमार की देखरेख में हुए। जिसमें देव राज शर्मा को जिला प्रधान चुना गया। बैठक में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया ने विशेष रूप से भाग लिया।
जिला इकाई की नवगठित कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपप्रधान राज कुमार, महासचिव अमरजीत शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश ठाकुर को बनाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कार्यकारिणी विस्तार करने का अधिकार दिया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि महासंघ के प्रदेश स्तरीय चुनाव 17 और 18 अगस्त को पॉलीटेक्निकल कॉलेज कांगड़ा में होंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें सर्वोपरि हैं। इस पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा। पहले ही 82 सूत्रीय मांग पत्र सरकार को सौंप रखा है। जिसमें दो मांगें सरकार ने पूरी कर ली हैं। बाकी मांगों पर चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि शिमला में कार्यरत कुछ कर्मचारी नेताओं ने 14 अगस्त को चुनाव रखे हैं। यह चुनाव न तो संवैधानिक हैं और न ही कर्मचारियों की आवाज पर किए जा रहे हैं। जिले के नवनिर्वाचित महासचिव अमरजीत शर्मा ने कहा कि कार्यकारिणी सभी कर्मचारियों को साथ लेकर चलेगी। कर्मचारियों की मांग और समस्याओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश महासचिव गोपाल कृष्ण, प्रेस सचिव हरीश गुलेरिया आदि मौजूद रहे।

Related posts