
पधर (मंडी)। पधर पुलिस ने नाके के दौरान एक मारुति कार में अवैध रूप से भरे देवदार के स्लीपरों सहित तीन तस्करों को पकड़ा है। तस्कर कटौला की तरफ से मंडी की ओर जा रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार पधर पुलिस ने मंगलवार तड़के एसएचओ संजीव सूद की अगुवाई में कटिंढी-कटौला मार्ग में कमांद पुल के पास नाका लगा रखा था। जिसमें मुख्य आरक्षी अनिल कुमार, कांस्टेबल बीरबल सिंह, गृह रक्षक जतिन कुमार और चालक महेंद्र सिंह शामिल थे। इस दौरान कटौला की ओर से आ रही मारुति वैन एचपी-02 के-0380 की तलाशी लेने पर देवदार के 6 फुट लंबाई के सात स्लीपर बरामद हुए। पुलिस ने टैक्सी चालक हुकमी राम पुत्र लाहलू राम, मीने राम पुत्र जगत राम और भगत राम पुत्र पदमू राम निवासी टिहरी कटौला के खिलाफ आईपीसी 379, 120 बी और वन अधिनियम की धारा 41-42 के तहत मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वाहन को भी कब्जा में ले लिया है। कटौला रेंज के डिप्टी रेंजर लाल सिंह ने लकड़ी की पैमाइश की। वन विभाग में तस्करी कर ले जाई जा रही लकड़ी की कीमत लगभग 30 हजार रुपए आंकी है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने मंडी अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने बताया कि पधर पुलिस की लकड़ी तस्करी के मामले में यह तीसरी सफलता है
