दूसरे वार्डों के लिए रोल माडल बनेगा कैथू

शिमला। नगर निगम के वार्ड नंबर तीन कैथू को अन्य वार्डों के लिए रोल मॉडल बनाया जाएगा। शुक्रवार को हुई वार्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कैथू वार्ड में सबसे पहले वार्ड कमेटी गठित की गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को वार्ड कमेटी की बैठक हुई। बैठक के माध्यम से कमेटी के सदस्यों का निगम कर्मियों से परिचय करवाया गया तथा लोगों की सहभागिता से वार्ड की समस्याओं की प्राथमिकता तय की गई। उपमहापौर ने कहा वार्ड कमेटी के सदस्यों की ओर से कर्मियों के ध्यान में लाई जाने वाली सभी समस्याओं को शीघ्र दूर किया जाना चाहिए।
वार्ड पार्षद कांता स्याल ने बताया क्षेत्र की सड़कों की टारिंग बीते पंद्रह साल से नहीं हुई है। पैच वर्क तक नहीं किया गया। टूटी हुई सड़कों से गुजरने में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तपोवन क्षेत्र में करीब ढाई हजार की आबादी रहती है लेकिन आज तक यहां पर एंबुलेंस रोड नहीं बनाया गया। कई जगह सीवरेज लाइन के मिसिंग लिंक है। ताराहाल में सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता है। इसके अलावा स्नो व्यू में सामुदायिक भवन, पार्किंग और वार्ड आफिस की दरकार है। वार्ड कमेटी के सदस्यों ओपी शर्मा, पुरुषोतम वर्मा, सीमा ठाकुर राम प्यारी वर्मा, आरएल ठाकुर, मोनिका शर्मा, प्रवेश शर्मा और सुषमा सूद ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से उपमहापौर को अवगत कराया। बैठक के दौरान सभी समस्याओं की लिस्ट बनाकर इनमें से प्राथमिकता तय की गई।

पानी कनेक्शन काटने की मुहिम सराही
कैथू वार्ड कमेटी के सदस्यों ने निगम की ओर से टंकी ओवर फ्लो होने पर पानी के कनेक्शन काटने की मुहिम को जमकर सराहा। लोगों ने कहा कि इस मुहिम से पानी का दुरुपयोग करने वालों पर शिकंजा कसेगा। वार्ड कमेटी ने उपमहापौर से इस मुहिम को दोबारा शुरू करने की मांग की।

Related posts