
शिमला। हिमाचल में बर्फबारी के दूसरे दिन भी जिंदगी पटरी पर नहीं लौट सकी है। सूबे में 100 से ज्यादा सड़कें अभी तक बंद पड़ी हैं। कुल्लू, चंबा और किन्नौर सहित ऊपरी शिमला के कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की सप्लाई भी प्रभावित है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह के मुताबिक, हिमाचल में अगले पांच दिन तक मौसम साफ रहेगा। इसके बाद से पश्चिमी विक्षोभ से फिर से सक्रिय होने की संभावना है। शनिवार को मौसम साफ रहा, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सेवा ठप है। हिमपात के बाद कुल्लू जिले में तीन दर्जन सड़कें बंद हैं। तीस फीसदी आबादी अंधेरे में डूबी है। कुल्लू-लाहौल में 704 ट्रांसफार्मरों ने जवाब दे दिया है। किन्नौर में अभी तक जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। जिले के 50 ग्रामीण रूट बंद पड़े हैं। कोटखाई की बाघी पंचायत में 50 घंटे से बिजली गुल है। रोहड़ में भी कई ग्रामीण रूट बंद हैं। नाहन क्षेत्र में कड़ाके की ठंड जारी है। मंडी जिले में कई सड़क मार्ग बंद है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता नरेश शर्मा ने कहा कि 177 बंद सड़कों में से 80 से अधिक सड़कों को खोल दिया है। अन्य को खोलने का काम चल रहा है।
