
रोहडू। डाक विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल वीरवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस कारण रोहडू के सभी डाकघरों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। डाक कर्मियों ने वीरवार को रोहडू बाजार में रैली निकालकर, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान डाक कर्मियों ने शीघ्र से शीघ्र मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
डाक कर्मचारियों की हड़ताल से दो दिन से डाक विभाग में कार्य ठप है। हालांकि शुक्रवार से डाक कर्मी नियमित रूप से कार्य आरंभ करेंगे, लेकिन डाक कर्मियों ने मांगें पूरी न होने की सूरत में फिर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। डाक कर्मियों ने वीरवार को रोहडू डाकघर के समीप जमा होकर धरना प्रदर्शन किया। उसके बाद रोहडू बाजार में रैली निकाल कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संघ के जिला उपाध्यक्ष लोकिंद्र सारटा, संधीरा रांटा, दिनेश कुमार, वीरेंद्र चौहान, सुखदेव शर्मा, नीटू, पदम देव ठाकुर, बलबीर सिंह नेगी, देविंद्र सिंह ठाकुर, नेहर सिंह, त्रिलोक चंद, बसंत लाल, सोहन लाल, केदार सिंह, रणजीत कुमार, भूपेंद्र, शशी बाल्टू, राकेश वर्मा, अभिमन्यु, भगत राम, कुबजा, रति राम और मोहन लाल ने बताया कि दो दिवसीय हड़ताल के बाद अब शुक्रवार से डाक कर्मचारी नियमित रूप से कार्य पर जाएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने अगर शीघ्र ही डाक कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
