
बरमाणा (बिलासपुर)। पुलिस ने मकान बनाने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर लोन लेकर पैसा हड़पने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं धोखाधड़ी के इस मामले में आरोपी के दस्तावेज सत्यापित करने वाले पंचायत सचिव को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पंचायत प्रधान पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार धौनकोठी निवासी रोशनलाल ने बीते वर्ष 20 दिसंबर को गांव के ही कालीदास के मकान की फोटो लगाकर जिला कल्याण अधिकारी के पास आवेदन करके मकान के निर्माण के लिए 48,500 रुपये धोखाधड़ी से प्राप्त कर लिए। उसके आवेदन को पंचायत प्रधान व सचिव ने सत्यापित किया था। ऐसे में उनकी भी मिलीभगत जाहिर है।
कालीदास को इस धोखाधड़ी की जानकारी उस समय हुई, जब उसने मकान बनाने हेतु सरकारी सहायता के लिए आवेदन किया। वहां पता चला कि उसे पहले ही पैसा दिया जा चुका है। इस पर कालीदास ने पुलिस को शिकायत दी। 20 मई को उसकी शिकायत पर बरमाणा थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में आरोपी रोशनलाल और पंचायत सचिव सदाराम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
