
रिवालसर (मंडी)। ग्राम पंचायत दूसरा खाबू के गांव द्रव्यास में दिनदिहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर के ताले तोड़कर सोने के आभूषण ले उड़े। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। परिवार के सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। जिसका फायदा उठाकर पीछे से चोराें ने घर पर सेंधमारी कर दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रिवालसर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चोराें ने द्रव्यास निवासी वासुदेव के घर घटना को अंजाम दिया। चोराें ने पहले घर के कमरों के ताले तोड़ डाले। इसके बाद अलमारी तथा ट्रंक को तोड़कर सोने के आभूषण ले उड़े। दोपहर बाद जब वासुदेव की बहुएं काम से घर आईं तो घर के दरवाजाें से ताले गायब थे। अंदर कमराें में सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद घरवालाें ने घटना की रिवालसर पुलिस चौकी को सूचना दी।
इधर, घटना की पुष्टि करते हुए रिवालसर पुलिस चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि चोरों ने तीन तोले सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। पुलिस छानबीन कर रही है। आरोपियाें को जल्द पकड़ा जाएगा।
