दूर की जाएं ग्रेड-पे की विसंगतियां

घुमारवीं (बिलासपुर)। प्राथमिक शिक्षक संघ ने ग्रेड-पे के संशोधन के बाद सामने आई विसंगतियों को दूर करने की मांग की है। संघ ने जेबीटी से टीजीटी की पदोन्नति सूची जल्द जारी करने का आग्रह भी किया है। मुख्य संसदीय सचिव (शिक्षा) नीरज भारती के साथ गत वीरवार शाम स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित बैठक के दौरान संघ की घुमारवीं खंड-एक व दो इकाइयों ने कई अन्य मांगें भी उठाई।
शिक्षा विभाग से जोड़े जाने के बाद पहली बार शिमला से अपने गृह जिला कांगड़ा जा रहे नीरज भारती का प्राथमिक शिक्षक संघ के नुमाइंदों ने घुमारवीं विश्राम गृह में गरमजोशी से स्वागत किया। लगे हाथों कई मांगें भी सीपीएस के समक्ष रख दी गईं। संघ के नुमाइंदों ने कहा कि ग्रेड-पे के संशोधन के बाद सीएचटी व बीईईओ को टीजीटी व प्रवक्ता वर्ग से कम ग्रेड-पे मिल रही है। इस विसंगति को दूर किया जाए। साथ ही जेबीटी अध्यापकाें को अन्य शिक्षक वर्गों की तर्ज पर जनवरी 2006 से 10300-34800 का पे बैंड भी दिया जाए।
संघ के नुमाइंदों ने पैट शिक्षकों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि पैट वर्ग की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं आगामी मार्च में आयोजित करके बजट सत्र में उन्हें नियमित करने का प्रावधान किया जाए। इसके अलावा तदर्थ अध्यापकों के पूर्व सेवा के वित्तीय लाभ की रिकवरी के आदेश वापस लेने की मांग भी उठाई गई। सीपीएस नीरज भारती ने उन्हें आश्वस्त किया कि इन मामलों में उचित कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ की घुमारवीं-एक इकाई के अध्यक्ष रमेश शर्मा, घुमारवीं-दो इकाई के अध्यक्ष राजेश शर्मा तथा सुरजीत राणा, पवन शर्मा, अनिल ठाकुर, होशियार सिंह, अनिल चौहान, नरेश कुमार, नवीन कुमार, कर्म चंद, जयपाल, संजय जगोता, संदीप कुमार व सुरेंद्र शास्त्री आदि ने भाग लिया।

Related posts