
ज्वालामुखी (कांगड़ा)(सीमा वालिया) दूल्हे संग दुल्हन को लेने दुल्हन के घर गए बारातियों ने खूब हड़दंग मचाया और दुल्हन के घर में मारपीट भी की। इससे दुल्हन के रिश्तेदारों को चोटें आई हैं। हंगामे के दौरान बीच-बचाव कर रही महिलाएं भी चोटिल हुई हैं। दुल्हन के परिजनों की शिकायत पर खुंडिया चौकी में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब कार्रवाई करने में जुट गई है। हालांकि, शादी की रस्में पूरी हो गई हैं।
पुलिस के अनुसार दुल्हन के घर गए बारातियों ने दुल्हन के घर में काफी शोरशराबा किया और मारपीट की। इससे माहौल काफी बिगड़ गया। बाद में न चाहते हुए भी मजबूरन बारातियों के विरुद्ध लड़की पक्ष ने मामला दर्ज करवा दिया। पूरे घटनाक्रम में बीचबचाव कर रही महिलाओं को भी मामूली चोटें आईं। पूर्व पंचायत प्रधान पूनी चंद राणा को भी धक्का लगने से चोट आई है। लड़की के चाचा राजकुमार निवासी चौंकी ने मामला खुंडिया चौकी में दर्ज करवा दिया है। एसएचओ ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर ने मामले की छानबीन शुरू की करने की पुष्टि की है।
