दुर्लभ प्रजाति के देवदार का अतिक्रमण

लोहाघाट। जिलाधिकारी की ओर से वन विभाग को नगर क्षेत्र में देवदार वनों को पहुंचाई जा रही क्षति तथा अतिक्रमण को सख्ती से रोकने का आदेश की खुलेआम धज्ज्यिां उड़ रही हैं। लोग देवदार के वृक्षों के बीच कच्चे-पक्के निर्माण कर अतिक्रमण कर रहे हैं। जबकि अभी तक आदेश का कोई असर नहीं दिखाई दिया है।
नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि को हथियाने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिसे रोकने में पुलिस तथा प्रशासन पूरी तरह असफल हो चुका है। अब लोक निर्माण विभाग परिसर में देवदार के वृक्षों के बीच अतिक्रमण शुरू हो गया है। इसकी जानकारी लोनिवि अधिकारियों की ओर से पुलिस तथा प्रशासन को भी दी गई है। बावजूद भी अतिक्रमण जारी है। जिसके कारण यहां दुर्लभ प्रजाति के देवदार वृक्षों की शामत आती जा रही है। लोनिवि के अलावा चिकित्सा स्वास्थ्य तथा पशुपालन विभाग ने भी उनकी भूमि में किए गए अतिक्रमण को रोकने के लिए पुलिस तथा प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिए गए हैं।
पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के चलते नगर क्षेत्र में देवदार वनों की हरियाली उजड़ती जा रही है। वहीं सबसे दुखद पहलू नगर पंचायत की ओर से देवदार वनी के भीतर सब्जी तथा मीट मंडी बनाकर पेड़ों को सुखा दिया गया है। वन विभाग का कहना है कि नगर पंचायत ने इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली हैं।

Related posts