
धर्मशाला। जिला कांगड़ा के दूरदराज क्षेत्रों में स्थित सोलह गांवों में जुलाई एवं अगस्त माह का राशन का अग्रिम कोटा पहुंचा दिया गया है। उपायुक्त सी पालरासू ने बताया कि इसके अतिरिक्त जिला की सभी उचित मूल्य की दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध हैं।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में प्राथमिक उपचार एवं जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध करवाएं। जिला एवं उपमंडल स्तर के अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं चौबीस घंटे तैयार रखें। वहीं, एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि जिला स्तर पर सहायक पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में बचाव दल का गठन किया गया है, जिसमें 10 पुलिस और 12 होमगार्ड के जवान शामिल हैं। यह दल चौबीस घंटे कार्य करेगा और आपदा की सूचना मिलते ही गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो जाएगा। धर्मशाला में हुई बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राकेश शर्मा के अतिरिक्त सेना छावनी धर्मशाला व योल तथा एसएसबी सपड़ी (ज्वालामुखी) के वरिष्ठ अधिकारी, जिला में कार्यरत समस्त एसडीएम और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
