
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई थाना के शरली गांव की एक नाबालिग दलित छात्रा से कथित दुराचार के आरापी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह शरली गांव की एक दलित नाबालिग छात्रा ने गांव के ही शेर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था कि 14 अगस्त 2012 को शेर सिंह ने उसके साथ दुराचार किया था। इससे वह गर्भवती हो गई थी। बाद में उसका गर्भपात करवाया गया था।
दिल्ली गैंगरेप के बाद पीड़िता को जोश आया और उसने पांच माह पुरानी कहानी को उजागर कर मामला शिलाई थाना में दर्ज करवाया था। शिलाई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 10 जनवरी तक न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया था। इसके बाद दोबारा न्यायालय में पेश करने के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 506 और अनुसूचित जाति जनजाति की विभिन्न धाराओं के तहत मामले की जांच शुरू की है। थाना प्रभारी शिलाई बालक राम चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
