
केलांग। 16वीं लोकसभा चुनाव के लिए दुनिया का सबसे ऊंचा पोलिंग बूथ मतदान के लिए तैयार है। समुद्र तल से 15500 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस मतदान केंद्र में 333 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। लाहौल स्पीति विधानसभा क्षेत्र में कुल 23040 वोटर हैं, जिनमें 471 सर्विस मतदाता शामिल हैं। यहां पर पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। जिला में 11402 पुरूष तथा 11637 महिला वोटर हैं। लाहौल स्पीति में 90 पोलिंग बूथों पर मतदान किया जाएगा।
पहली बार समूचे विधानसभा क्षेत्र में एक भी अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र दर्ज नहीं किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि लाहौल मंडल में 34, उदयपुर 27 तथा स्पीति में 29 केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला लाहौल स्पीति के काजा मतदान केंद्र में सब से अधिक 716 मतदाता और लिंगर में सब से कम 34 मतदाता हैं। चुनाव ड्यूटी पर 640 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं जिसमें पुलिस जवानाें के साथ आरक्षित कर्मचारी भी शामिल हैं ।
