
अल्मोड़ा। दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष गिरीश चंद्र खोलिया समेत दुग्ध सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने डेरी विकास विभाग के सहायक निदेशक और सहायक निबंधक को ज्ञापन भेजकर हवालबाग विकासखंड की दुग्ध समिति सिलानी के चुनाव में कथित अनियमितता का आरोप लगाया है। आरोप है कि दिनेश चंद्र सिंह डांगी को सिलानी समिति प्रतिनिधि चुना गया है वह गांव के मूल निवासी ही नहीं है। न ही यह व्यक्ति समिति को दूध देता है। आरोप लगाया है कि यही व्यक्ति वर्तमान में दीप सिंह डांगी के नाम से सरकार द्वारा दुग्ध संघ में प्रशासक नामित हैं। इसके अलावा दूसरी दुग्ध समिति डांगीखोला में भी दुग्ध समिति का सदस्य है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दीप सिंह डांगी ने दुग्ध संघ में प्रशासक नामित किए जाने के लिए गोविंदपुर समिति का दुग्ध उत्पादक होने का प्रमाण पत्र दिया है। आरोप है कि दुग्ध संघ अल्मोड़ा की समिति नियमों, अधिनियमों और उपविधियों को ताक में रखते हुए गलत मतदाता सूची बनायी गई है। ताकि दुग्ध संघ में सहकारिता से जुड़े लोगों को किनारा कर फर्जी लोगों को प्रतिनिधि बनाया जा सके। उन्होंने वर्तमान प्रशासक को पद से हटाने की मांग की है। एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेने की धमकी दी है। ज्ञापन में दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष गिरीश खोलिया के अलावा संचालक मंडल के पूर्व सदस्य ब्रह्मानंद डालाकोटी, दुग्ध समिति मनीआगर के प्रतिनिधि शिवराज बनौला, बिशन दत्त, लीलाधर तिवारी, भैरव दत्त दुर्गापाल, बिशन दत्त, लीलाधर तिवारी, कुंवर राम आदि के हस्ताक्षर हैं। इधर, दुग्ध संघ प्रशासक दीप सिंह डांगी ने उन पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा है कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। वह आरोप लगाने वाले लोगों के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे।
