दुकान बंद कर भागा, तो गांव से पकड़ लाई पुलिस

मौलेखाल। शराब के खिलाफ सांकर गांव की महिलाओं की मुहिम आखिरकार रंग लाई है। निशानदेही पर राजस्व पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने सांकर कसबे के तीन दुकानों से अंग्रेजी के 63 पव्वे, दो बियर और 10 बोतल अवैध देशी शराब की बरामद की है। चेकिंग की भनक लगते ही एक दुकानदार दुकान बंद कर फरार हो गया। महिलाओं की मांग पर राजस्व पुलिस ने ताले तोड़े, बाद में अभियुक्त को उसके गांव से गिरफ्तार कर लाई।
सांकर गांव की महिलाओं ने शराब के खिलाफ लंबे समय से मुहिम चलाई थी। गत दिनों महिलाओं ने उपजिलाधिकारी एसएस राणा को आपबीती सुनाई थी, कहा कि शराब ने घर के घर बरबाद कर दिए। दुकानों में अवैध शराब बिक रही है। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग और आबकारी टीम ने गत दिवस सांकर क्षेत्र की दुकानों में ताबड़तोड़ छापे मारे। इस दौरान पूरन सिंह की दुकान में 27 पव्वे अंग्रेजी, दो बियर, दीप चंद्र की दुकान से 36 पव्वे अंग्रेजी के बरामद हुए। भनक लगने पर एक अन्य दुकानदार प्रताप सिंह दुकान बंद कर भाग निकला। महिलाओं ने राजस्व पुलिस से दुकान के ताले तोड़ने की मांग की। दुकान के अंदर से 10 बोतल देशी शराब, दो पव्वे मिले। देर शाम राजस्व पुलिस ने सांकर गांव जाकर प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों को आबकारी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में कानूनगो बहादुर राम टम्टा, राजस्व उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह मर्तोलिया, कौशल सिंह चौहान, आबकारी इंस्पैक्टर मनोज कुमार उपाध्याय आदि शामिल थे। महिलाओं में गंगा देवी, माया देवी, झूपा देवी, श्यामा देवी, खिमुली देवी, तुलसी देवी आदि उपस्थित थे। उपजिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन मुस्तैद है।

Related posts