
सरकाघाट (मंडी)। खाहन पंचायत के दुर्गापुर में बीती रात एक बाइक को शरारती तत्वाें ने आग के हवाले कर दिया। आग लगाने वाले शख्स का अभी पता नहीं चल पाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता राजीव कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी ननावां जिला हमीरपुर का स्थायी निवासी है। सरकाघाट में ठेकेदार का काम करता है। गत रात्रि उसने अपनी बाइक दुर्गापुर में एक दुकान के बाहर खड़ी कर रखी थी। रात करीब ग्यारह बजे उसे पता चला कि उसकी बाइक को किसी ने आग के हवाले कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व का काम है। इसके बाद पीड़ित ने सरकाघाट पुलिस थाना में इस घटना की शिकायत दर्ज करवाई है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ विनय जसवाल ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भादसं की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
