दुकान के दरवाजे तोड़ ज्वेलरी साफ

चौखुटिया। चोरों ने बद्रीनाथ मोटर मार्ग में स्थित जय भवानी ज्वेलर्स की दुकान के पीछे के दरवाजे तोड़कर करीब पचास हजार रुपये कीमत के जेवर चुरा लिए।
जानकारी के मुताबिक चोर सोमवार की रात भवानी ज्वेलर्स की दुकान के पीछे के दो दरवाजे तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। वहां रैकों में रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। दुकान में ही लोहे की एक बड़ी गैंती भी पड़ी मिली है। आशंका है कि चोरों ने इसी गैंती के जरिए दरवाजे तोड़े होंगे। इधर दुकान स्वामी हेमंत वर्मा ने बताया कि वह दुकान की अधिकांश ज्वेलरी अपने साथ ले जाते हैं। घटना के दिन दुकान में रखी चांदी और सोने के गहने गायब हैं। जिसकी कीमत करीब पचास हजार रुपये है। घटना की प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। पुलिस चौकी प्रभारी विजय मेहता और पुलिस कर्मियों ने मौका मुआयना कर निकटवर्ती कुछ लोगों से पूछताछ की।
मालूम हो कि चोरों ने रविवार की रात को भी मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। गत वर्ष आरके ज्वेलर्स और गुड्डू ज्वैलर्स के दुकान के ताले तोड़कर माल साफ किया था। इन चोरियों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इससे पहले तहसील क्षेत्र के बाखली सहित विभिन्न मंदिरों में हुई चोरियों का भी कोई सुराग नहीं मिला है।
बच गया फर्नीचर स्वामी का सामान
चौखुटिया। मौके की स्थितियों को देखकर यह बात स्पष्ट हो गई है कि चोरी से पहले दुकान की पूरी रेकी की। ज्वेलर की दुकान के ठीक पीछे एक फर्नीचर विक्रेता का गोदाम है। चोरों ने ज्वेलर की दुकान में घुसने के लिए सबसे पहले इसी गोदाम के दरवाजे का ताला तोड़ा। चोरों ने गोदाम में रखे सामान के बीच से गुजरते हुए फिर दुकान का दरवाजा तोड़ा। चोरों ने फर्नीचर के गोदाम से कोई सामान नहीं चुराया।

Related posts