
जखोली। चौकी सुमाड़ी अंतर्गत मयाली स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चौदह हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। घटना बुधवार मध्य रात्रि लगभग एक बजे की है। दुकान मालिक दुर्गेश तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर और दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर गया तो पता चला कैश काउंटर से 14500 रुपये की नकदी गायब है। दुकान प्रभारी ने मामले की चौकी में तहरीर देते हुए चोरों को पकड़ने की मांग की है। वहीं एक सप्ताह पूर्व चोरों ने पांजणा निवासी त्रिलोक सिंह रौतेला के मकान पर रहने वाले किरायेदारों के घर में चोरी की थी। एसआई मयाली बीएस राणा ने कहा कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। लोगो ने एक नेपाली व्यक्ति पर शक जताया था, जिसकी तलाश में पूलन बांगर में दबिश दी गई। चोरों की खोजबीन जारी है।
