
हल्द्वानी। चोरों ने एक मोबाइल शॉप की दीवार तोड़कर हजारों की नगदी, मोबाइल और रीचार्ज कूपन चोरी कर लिए। सुबह चोरी का पता चलने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना नगर कोतवाली के केमू स्टेशन क्षेत्र की है।
मोबाइल शॉप मालिक विजय जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वे बृहस्पतिवार को भी दुकान बंद कर रात करीब दस बजे घर निकल गए थे। जाते वक्त दुकान के गल्ले में करीब 25 हजार की नगदी, दो फ्लैक्सी मोबाइल, करीब 12 हजार के रीचार्ज कूपन और कुछ अन्य सामान दुकान में रखे थे। सुबह करीब सात बजे किसी ने दुकान के पीछे की दीवार टूटी पाई। उसने तुरंत उन्हें सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर गए और पुलिस को बताया। पुलिस मोबाइल सर्विलांस और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर चोरों का पता लगा रही है।
बस में टंगी पैंट से चुराए छह हजार
भीमताल निवासी केमू बस संचालक विनोद पांडे की बस में टंगी पैंट से चोरों ने छह हजार रुपये चोरी कर लिए। विनोद बृहस्पतिवार रात टनकपुर रोड निवासी दोस्त के यहां खाना खाकर स्टेशन पर खड़ी अपनी बस में ही सो गए थे। सोते वक्त उन्होंने पैंट उतारकर बस में टांग दी थी। सुबह उठे तो पैंट की जेब से रुपये गायब थे। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
