दुकानों पर अवैध कब्जा करने का आरोप

कोटखाई (शिमला)। कोटखाई पिकअप यूनियन ने यहां बस अड्डे में बनी नगर पंचायत की दुकानों पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाया है। निर्माणाधीन दुकानों पर यूं अवैध कब्जा किए जाने पर यूनियन ने नगर पंचायत से कार्रवाई की मांग की है। कहा कि अगर कार्रवाई अमल में नहीं लाई तो आंदोलन किया जाएगा। कोटखाई नगर पंचायत ने बस अड्डे में दुकानें बनवाई हैं। दुकानें अभी तक पूरी बनी ही नहीं हैं कि इसमें लोगों ने सामान रखना शुरू कर दिया है। इधर, कोटखाई पिकअप यूनियन के प्रधान धीरज बरागटा, महेंद्र घाल्टा, शवीन चौहान, बलवंत आजाद ने कहा कि लोगों ने दुकानों पर अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने नगर पंचायत से मांग की है कि दुकानों को जल्द खाली करवाकर इनका नीलामी द्वारा आवंटन किया जाए। अगर नीलामी प्रक्रिया से आवंटन होता है तो नगर पंचायत को मासिक पचास हजार तक फायदा होगा। नगर पंचायत के सचिव अनिल चौहान से जब इस मामले में बात की गई तो उन्होंने कहा कि दुकानों का आवंटन हो गया है। नगर पंचायत की बैठक में बाकायदा प्रस्ताव पारित कर इनकी आवंटन प्रक्रिया पूरी की गई है।

Related posts