दुकानदार पर तमंचे से फायर

पिरानकलियर। महमूदपुर गांव में बीती रात एक युवक ने तमंचे से दुकानदार पर फायर झोंक दिया। गनीमत यह रही कि हमले में दुकानदार बाल-बाल बच गया। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने मोबाइल रिचार्ज करने के बाद आरोपी से पैसे मांगे थे। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक कलियर के निकटवर्ती गांव महमूदपुर निवासी इनाम की गांव में ही टेलीकॉम की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात को वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी बीच गांव का ही एक युवक उसकी दुकान पर फोन रिचार्ज करने के लिए आया था। इनाम ने मोबाइल रिचार्ज कर पैसे मांगे। आरोपी पर पहले भी उसका उधार नहीं चुकाया था। पैसे मांगने पर आरोपी भड़क गया और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से तमंचा निकालकर दुकानदार पर फायर कर दिया। गोली चलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में इनाम के पिता मोहम्मद तहसीन ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts