दीवार का प्लास्टर गिरने से बच्चा घायल

स्वारघाट (बिलासपुर)। स्कूलों के जर्जर भवन किसी हादसे का कारण न बन जाएं। स्वारघाट शिक्षा खंड के तहत प्राथमिक पाठशाला दगड़ाहन में सोमवार को स्कूल के जर्जर भवन की दीवार का प्लास्टर गिरने से एक बच्चा घायल हो गया। उसके सिर पर गहरी चोट आईं। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना से अभिभावक अपने बच्चाें की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार दगड़ाहन प्राइमरी स्कूल के दोनों कमरों की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। दीवारें कभी भी ढह सकती हैं। पहली से पांचवीं कक्षा के लगभग तीन दर्जन नौनिहाल इन्हीं कमरों में बैठकर पढ़ाई करने पर मजबूर हैं। सोमवार को भोजन अवकाश के समय बच्चे खेलकूद में व्यस्त थे। इसी दौरान जर्जर दीवार से प्लास्टर के टुकड़े अचानक उखड़कर नीचे गिर गए। वहां खेल रहे चौथी कक्षा के अनुराग के सिर पर गिरा, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट आ गई। शिक्षकों ने उसे एक निजी क्लीनिक में पहुंचाकर उसका उपचार करवाया।
इस बीच सूचना मिलते ही टाली जकातखाना पंचायत प्रधान देवीराम ठाकुर व पूर्व उपप्रधान विजयपाल समेत कई अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए। अभिभावकों के अनुसार असुरक्षित हो चुके भवन की हालत से लोक निर्माण विभाग को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उस ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्हाेंने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल भवन को असुरक्षित घोषित करके समय रहते कोई अन्य व्यवस्था की जाए, ताकि कोई अप्रिय हादसा पेश न आए। उधर, स्कूल के प्रभारी पुष्पराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भवन की हालत काफी जर्जर हो चुकी है।

अनुसूचित जाति के लोगों के लिए लगाई जाए कार्यशाला
बिलासपुर। अखिल भारतीय हरिजन इकाई की बिलासपुर इकाई ने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को जागरूक करने के लिए कोठीपुरा स्थित डा. भीमराव अंबेडकर भवन में कार्यशाला का आयोजन करने की मांग की है। सोमवार को संगठन के जिला अध्यक्ष वीरी सिंह कैंथ की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में कहा गया कि जागरूकता के अभाव में अनुसूचित जाति वर्ग के लोग अत्याचार का शिकार हो रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाआें की जानकारी भी उन तक नहीं पहुंच रही है। लिहाजा उन्हें अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के साथ ही विभिन्न योजनाआें की जानकारी देने के लिए कार्यशाला आयोजित की जाए। बैठक में भाग सिंह सुरेहली, छोटाराम सुरेहली, हुसन चंद, बुद्धि सिंह, नंदलाल, तुलसीराम, दौलतराम बादल, रामजीदास, रामकृष्ण, प्रभुराम, तुलसीराम, निक्कूराम, राम सिंह, सुरेंद्र कौर, कुलदीप कौर, सुषमा, रमेश चंद, प्रियंका, अमनदीप, ज्ञानो देवी व सावित्री आदि के साथ ही जिला परिषद सदस्य बसंतराम संधु ने भी भाग लिया।

Related posts