
बिलासपुर। अराजपत्रित कर्मचारी संघ बिलासपुर (चड्ढा गुट) के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त डा. अजय शर्मा से मुलाकात कर जेसीसी की बैठक के लिए समय मांगा है। संघ ने दावा किया है कि उपायुक्त ने दिसंबर महीने तक संघ को बैठक के लिए आमंत्रित करने का आश्वासन किया है। उपायुक्त से मुलाकात करते हुए संघ ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपा है।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के चेयरमैन चेत राम वर्मा, मुख्य सलाहकार लेख राम कौंडल, महासचिव रणवीर सिंह ठाकुर, सदर खंड की प्रधान भावना ठाकुर, वरिष्ठ उपप्रधान चांद कुमार, उपप्रधान विपिन चंदेल, वित्त सचिव सुरेंद्र ठाकुर, चतुर्थ श्रेणी के प्रधान अमर नाथ शर्मा, महासचिव सुखदेव धीमान, पवन शर्मा समेत कई पदाधिकारी शामिल थे। प्रधान अनिल चड्ढा की अध्यक्षता में मिले प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि जल्द से जल्द संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाई जाए। आवास आवंटन समिति की बैठक में कर्मचारियों का प्रतिनिधि न बुलाने पर संघ ने गहरा रोष प्रकट किया। उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में संघ ने सरकारी आवासीय भवनोें की मरम्मत करने, नए आवासीय भवनों का निर्माण करने, आवासों में पीने के पानी की सुचारु व्यवस्था करने, कर्मचारियों की एसीआर समय पर भरने, सरकारी और आवासों के रास्तों में स्ट्रीट लाइटें लगाने, परिवहन की बसों को कर्मचारियों की सुविधा के लिए चलाने, उप डाकघर डियारा के लिए प्रयोग में लाए जा रहे सरकारी आवास को खाली करवाने, बस ठहरावों के स्थानों पर शौचालयों का निर्माण करने, उप स्वास्थ्य केंद्रों में पंखों का प्रावधान करने, किसान भवन की मरम्मत करने, समस्त विभागों में वाटर कूलर लगाने, आवारा पशुओं के आतंक से छुटकारा दिलाने समेत कई मांगों को उठाया है।
