
शिमला

वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि दृष्टिबाधित और दिव्यांग युवाओं की खेलों में भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें आगे बढ़ने का मौका देने के लिए प्रदेश की खेल नीति में संशोधन किया जाएगा। दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने के सरकार प्रयास कर रही है। ये बात उन्होंने बुधवार को उमंग फाउंडेशन के सहयोग से बल्देयां पंचायत में दिव्यांगों विद्यार्थियों के लिए करवाए गए पौधरोपण कार्यक्रम में कही। वन महोत्सव में दो सौ के करीब दिव्यांगों ने भाग लिया। 250 देवदार के पौधे रोपे गए। वन महोत्सव के मौके पर पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया। वन मंत्री ने पहला पौधा पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की स्मृति में रोपते हुए कहा कि यह वन महोत्सव उनकी स्मृति को समर्पित है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य ने की। वन मंत्री ने कहा कि दिव्यांग को मौका मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि दृष्टिबाधित एवं अन्य दिव्यांग व्यक्ति समाज में समान योगदान कर सकते हैं बशर्ते उन्हें इसके लिए पूरा मौका दिया जाए। उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि वन मंत्री ने दृष्टिबाधितों को उच्च शिक्षा में मदद के लिए 15 लैपटॉप देने की घोषणा की। मंत्री ने विख्यात गायिका और विश्वविद्यालय की दृष्टिबाधित छात्रा मुस्कान को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। संस्था को दिव्यांग विद्यार्थियों की मदद के लिए 50 हजार देने की घोषणा की। बल्देयां पंचायत के प्रधान विक्रम सिंह इस दौरान मौजूद रहे।
