
सोलन। डायनेमिक युवा मंडल सोलन कि ओर से 11वां हिमाचल उत्सव रविवार को धूमधाम से शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सोलन मदन चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। वहीं सोलन एसपी डा. रमेश छाजटा, एडीएम सीपी वर्मा और एसडीएम टाशी संडूप इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांस्कृतिक संध्या में ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कालेज के छात्र छात्राओं के ने पंजाबी भांगड़ों पर आकर्षक नृत्य कर खूब वाहवाही लूटी। वहीं साहू डांस अकादमी के कलाकारों ने भी खूब रंग जमाया।
उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी कलाकार सरीता बुशहरी और पंजाबी गायक संजय सागर के नाम रही। सरीता बुशहरी ने दुर्गा माता की स्तुति से गाने की शुरूआत की। इसके बाद पहाड़ी लोक गीत ‘करी लैणी करी लैणी पहाड़ां री सैर’ पर दर्शकों को खूब झुमाया। वहीं उन्होंने ‘इसी घराई दे लंबरा’, ‘तू लाई लेया बाठणी चांदी द छला’, ‘किन्नौरी नाटी और इश्क सूफियान’ गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस दौरान पंजाबी गायक संजय सागर भी स्टेज पर पहुंचे और मां शूलिनी की भेंट से दर्शकों को अभिनंदन किया। उन्होंने ‘तू माने या न माने दिलदारा’ गीत से शुरूआत की जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ एक से बढ़कर एक पंजाबी गीत ‘राझां राझां करदी’, ‘इशक दी मारी’, ‘कुड़ी- कुड़ी’, ‘दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी’ और ‘चनो द जवानी विच पैर पै गया’ आदि गीतों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं कार्यक्रम के बीच में स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी आवाज का जादू दर्शकों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर डायनेमिक युवा मंडल के फाउंडर मुकेश शर्मा, पंकज सूद, कीर्ति कौशल और सदस्य रविंद्र पंवर, नीरज मेहता, संजीव वर्मा, विशाल कश्यप, राजीव कंवर, अंकुश सूद, अनिल भट्टी, रिपू दमन, राजीव कंवर भी मौजूद रहे।
