
हरिद्वार। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली सीपीओ परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह की तह तक जाने के लिए जनपद पुलिस ने कसरत शुरू कर दी है। इस संबंध में लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रानिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। साथ ही कॉल डिटेल के आधार पर लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
पुलिस ने सीपीओ परीक्षा में नकल करा रहे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले की जांच सीनियर ऑफिसर भान सिंह को सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक लैपटॉप का डाटा जुटाने के लिए उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा अभी तक कई मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाली जा चुकी है। नंबरों को वेरीफाई कर उनका आंकलन किया जा रहा है। इस काम के लिए एसओजी की मदद ली जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर का मामला होने के चलते दूसरी बड़ी जांच एजेंसियों से भी जानकारी साझा की जा रही है। जांच अधिकारी भान सिंह ने बताया कि उपकरणों को दिल्ली भेजा जाएगा। पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
