
नग्गर (कुल्लू)। भारत की राजधानी दिल्ली में लोहड़ी पर हिमाचली तराने खूब गूंजेंगे। हिमाचल की संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए कुल्लू जिला से ताल्लुक रखने वाली हिमाचली लोकगायिका नीरू चांदनी लोहड़ी पर्व के लिए दिल्ली जाएंगी। इससे पहले भी वह बॉलीवुड में हिमाचली संस्कृति की छटा बिखेर चुकी हैं। अब लोकगायिका राजधानी में हिमाचली और कुल्लवी संस्कृति का जादू बिखेरने जा रही हैं।
दिल्ली के रोहणी सेक्टर सोलह में हिमाचल संयुक्त कल्याण समिति 13 जनवरी को लोहड़ी पर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। इसमें हिमाचल के ही सांसद अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की कोकिला नीरू चांदनी को लोहड़ी के लिए समिति ने आमंत्रित किया है। दिल्ली में होने वाली हिमाचली सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के लोकगीतों को पेश कर नीरू चांदनी एक फिर धमाल मचाने वाली हैं। हिमाचल संयुक्त कल्याण समिति के अध्यक्ष जीएस शर्मा ने बताया कि हर साल समिति लोहड़ी के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम आयोजित करती आई है। उन्होंने बताया कि इस बार समिति ने मुख्य रूप से दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा इस कार्यक्रम में हिमाचल के करसोग से घनश्याम पहाड़िया भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध लोकगायिका नीरू चांदनी ने बताया कि तीन वर्ष से वह लगातार मुंबई में कार्यक्रम प्रस्तुत करती आई हैं। इस बार वह लोहड़ी के उपलक्ष्य पर दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देगी।
