दिनभर कालेज, शाम को घरों का रुख

बिलासपुर। स्थानीय पीजी कालेज में एससीए चुनाव के लिए छात्र संगठनोें ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। जोर शोर के साथ चुनाव प्रचार अभियान चल पड़ा है। दिन भर छात्र संगठनों से जुडे़ नेता कालेज में प्रचार करते रहे। एक-एक छात्र के पास पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान की अपील की गई जबकि शाम होते ही रणनीति बनाकर टोलियों में विद्यार्थियों के घरों का रुख कर लिया।
केंद्रीय छात्र संघ चुनाव को पांच दिन शेष रहते ही छात्र संगठन चुनावी रंग में रंग गए हैं। एबीवीपी, एनएसयूआई, बीएसए अपनी जीत दर्ज करने के लिए जुट गए हैं। छात्र संगठनों पर एक-एक दिन भारी पड़ रहा है। इसके बावजूद भी छात्र संगठन रणनीति तैयार कर जीत हासिल करने में लगे हुए हैं। सभी छात्र संगठन दिन के समय कालेज में छात्रों का अभिनंदन कर वोट-स्पोर्ट की अपील कर रहे हैं। रात को डोर-टू-डोर प्रचार में डटे हुए हैं। छात्र संगठन हर विद्यार्थी के घर जाकर वोट मांग रहे हैं। विद्यार्थियों से वोट-स्पोर्ट की अपील की जा रही है। सोमवार को भी सिलसिला जारी रहा। उधर, देर रात तक मीटिंग का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें कार्यकर्ताओं के सुझाव भी लिए जा रहे हैं। रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की भी कोशिश की जा रही है ताकि सभी एकजुट होकर जीत हासिल कर सकें।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कैंपस अध्यक्ष आदित्य ठाकुर ने कहा कि डोर-टू-डोर प्रचार शुरू किया गया है। बिलासपुर स्टूडेंट एसोसिएशन के पूर्व कैंपस अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि इस बार भी चुनावों में बीएसए की जीत होगी। एनएसयूआई के कैंपस अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि एनएसयूआई ने डोर-टू-डोर प्रचार शुरू कर दिया है।

Related posts