दिनदहाड़े बैंक से उड़ाए 90 हजार

नाहन (सिरमौर)। सदर थाना नाहन के पॉश एरिया दिल्ली गेट स्थित भारतीय स्टेट बैंक के अंदर से शुक्रवार दिनदहाड़े शातिरों ने 90 हजार रुपये उड़ा लिए। ट्रेजरी कर्मचारी ने बैंक से कैश निकाला था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक एवं एएसपी ने बैंक पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें दो युवक बैग चुराते देखे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन ट्रेजरी का जूनियर असिस्टेंट शेर बहादुर थापा ने शुक्रवार सुबह करीब 11.10 बजे एसबीआई से अपने जीपीएफ के 40 हजार रुपये के अलावा 50 हजार सरकारी रुपये निकाले। उसे मिले कैश में एक नोट फटा हुआ निकला। शेर बहादुर ने पैसों से भरा बैग बैंक के भीतर एक काउंटर पर रख दिया और फटा नोट बदलवाने बैंक अधिकारी के पास गया। इसी बीच घात लगाकर बैठे दो संदिग्ध युवकों ने बैग पकड़ा और पलक झपकते ही चंपत हो गए। शेर बहादुर थापा जैसे ही बैग के पास पहुंचा तो वहां से बैग गायब था। उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत बैंक अधिकारी को जानकारी दी। बैंक ने तत्काल पुलिस को सूचित कर दिया।
मौके पर पहुंचे एससपी भगत सिंह ठाकुर ने बैंक के मुख्य प्रबंधक विजय खींमटा के केबिन में लगे कंप्यूटर सिस्टम से सभी 10 कैमरों का रिकार्ड देखा। इसमें साफ नजर आ रहा है कि 14 से 15 वर्ष के दो युवक हड़बड़ी में अंदर आते हैं। बैगलेकर पलभर में ही बाहर निकल जाते हैं। बताया कि खाली बैग सीमा से सटे हरियाणा के नारायणगढ़ में बरामद हुआ है। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों का हुलिया लिया गया है। टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related posts