
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार की ग्राम पंचायत मिल्ला के दिगवा निवासी 17 वर्षीय युवक पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवक बुरी तरह जख्मीं हो गया। युवक घर से पशु चारा लेने निकला था। गांव के अन्य लोगों ने युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचित किया। घायल को छोटे वाहन के माध्यम से पांवटा सिविल अस्पताल तक पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद युवक को शिमला आईजीएमसी रेफर कर दिया गया है।
मिल्ला पंचायत के ग्राम दिगवा निवासी राजेश कुमार (17) सुबह 8 बजे पशुचारे को घर से निकला। साथ लगती सुंकोईधार के समीप अचानक भालू ने हमला कर दिया। काफी देर तक दोनों के बीच झड़प चली। भालू युवक को बुरी तरह लहूलुहान कर भाग खड़ा हुआ। गंभीर रुप से घायल मौके पर तड़फता रहा। इस बीच पशुचारा लेने गए गांव के ही कुछ लोगों ने मौके पर तड़फते युवक को देखा। परिजनों को सूचित कर दिया। परिजन और रिश्तेदार चमेल सिंह, सुरेंद्र सिंह एवं दिनेश घायल को गाड़ी में पांवटा अस्पताल लेकर पहुंचे। सिविल अस्पताल पांवटा के डा. अशोक सिंह ने बताया कि घायल को बुरी तरह जख्मी किया गया है। आंख के समीप, खोपड़ी (सिर), मुंह, कान, हाथ एवं टांगों पर जख्म है। करीब दो घंटे तक दर्जनों टांके लगाने एवं प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर होने पर शिमला रेफर कर दिया गया है।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा भीष्म ठाकुर ने बताया कि भालू के हमले में मिल्ला के ग्राम दिगवा निवासी राजेश(17) घायल होने की सूचना मिली थी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद, शिमला आईजीएमसी अस्पताल को रेफर कर दिया गया है।
फोटो
———
खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को किया सम्मानित
पांवटा साहिब(सिरमौर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ पांवटा इकाई ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सुदर्शन लाल को शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित किया। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान एवं सेवानिवृत्त होने पर विदाई पार्टी भी दी गई। पांवटा के रतन हेरिटेज में पार्टी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस मौके पर पीटीएफ प्रधान अनूप वर्मा, रघुवीर सिंह शर्मा, एमएन कौशिक, इंदिरा चौहान, रमा सिंह, बूटी नाथ, जय प्रकाश, राजेश बच्चन, रामेश्वरी राणा, सीमा खोसला, दिलीप, बीना, रेखा, बालक राम, सुंदर सिंह, संत राम, धर्म सिंह, नरेश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, चंद्रमणी, ओम प्रकाश, हिमशुषमा, सविता, सुषमा एवं मीनाक्षी आदि मौजूद थीं।
