
नई टिहरी। कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक दरोगा पर छात्र की बेवजह पिटाई करने का आरोप है। छात्रों ने इस मामले में एसपी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। कहा कि दो दिन में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो भूख हड़ताल की जाएगी।
छात्र नेताओं ने एसपी को दिए ज्ञापन में बताया कि सोमवार को साढ़े आठ बजेे रात आदित्य पांडेय और अन्य छात्र बौराड़ी बाजार में घूम रहे थे, कि इसी दौरान दारोगा सुखपाल सिंह ने बेवजह उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। इसके विरोध में नारेबाजी करते हुए एसपी दफ्तर पहुंचे छात्र नेताओं ने कहा कि बिना किसी अपराध के पिटाई कर दारोगा लोगों के बीच खौफ पैदा कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि दारोगा के खिलाफ दो दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, हितेश चौहान, पंकज बरवाण, गणेश सेमवाल, पर्वत कुमाईं, अनुज उनियाल, प्रवीन रावत, आदित्य पांडेय, राहुल गुनसोला, रवि बिष्ट और गुलशाद आदि शामिल थे।
