‘दामिनी’ गैंगरेप: नाबालिग आरोपी पर फैसला होगा आज

‘दामिनी’ गैंगरेप: नाबालिग आरोपी पर फैसला होगा आज

नई दिल्ली: किशोर न्याय बोर्ड ने गत वर्ष 16 दिसम्बर को पैरा मेडिकल की छात्रा ‘दामिनी’ के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के एक नाबालिग आरोपी की भूमिका से संबंधित फैसला आज हो सकता है।

बोर्ड ने गत पांच जुलाई को सुनवाई पूरी कर ली थी और फैसला सुरक्षित रख लिया था। लेकिन इसे ऐन वक्त पर 25 जुलाई तक के लिए टाल दिया गया था।

आरोपी घटना के वक्त नाबालिग था और पिछले महीने उसने 18 वर्ष की उम्र पूरी की है। बोर्ड यदि उसे नाबालिग घोषित करता है तो उसे अधिक से अधिक तीन साल के लिए बाल सुधार गृह में रखा जाएगा। इसमें अब तक हिरासत में काटा गया समय शामिल है। बोर्ड ने इस बीच मीडिया को इस मामले की रिपोर्टिंग के लिए कुछ हिदायतें भी दी हैं। बोर्ड ने मीडिया से कहा है कि नाबालिग को दोषी ठहराए जाने या सजा से संबंधित खबर नहीं दी जानी चाहिए। यदि बोर्ड में 25 जुलाई को फैसला सुनाया जाता है तो सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित मामले में यह पहला फैसला होगा।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 16 दिसम्बर को चलती बस में पैरामेडिकल की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था और उसकी मौत बाद में सिंगापुर के एक अस्पताल में हो गई थी। इस मुद्दे पर पूरे देश में उबाल आ गया था और कई दिनों तक लोग उग्र प्रदर्शन करते रहे थे।

Related posts