
रामपुर बुशहर। दिल्ली में पिछले साल 16 दिसंबर को दामिनी के साथ हुए गैंग रेप के चार आरोपियों को फांसी की सजा मिलने पर रामपुर में भी खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिल्ली में अदालत ने सही फैसला सुनाकर चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई है। लोगों का कहना है कि फांसी की सजा मिलने से लोगों को यह भी संदेश जाएगा कि महिलाआें और युवतियों के साथ इस तरह की हरकतें करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जा सकता।
रामपुर के विजय गुप्ता का कहना है कि दिल्ली में न्यायालय ने दामिनी के साथ दुराचार करने वाले और उसके हत्यारों को फांसी की सजा सुना कर दामिनी के परिवार को न्याय दिया है। उन्होंने कहा कि उक्त आरोपियों को फांसी की सजा तो होनी ही चाहिए थी। कायथ राज का कहना है कि दिल्ली में दामिनी के साथ किए गए घिनौने कृत्य के लिए फांसी की सजा होनी ही चाहिए थी।
रामपुर के कल्याणपुर निवासी पवन शर्मा और रामपुर के नेहरा निवासी राधे श्याम का कहना है कि गैंग रेप के आरोपियों को न्यायालय ने जो फांसी की सजा सुनाई है, इससे आने वाली पीढ़ी को सबक मिलेगा। इस तरह की घटनाओं पर भी रोक लगेगी। नरैण निवासी नवीन भलूणी का कहना है कि न्यायालय के इस फैसले से इस तरह कृत्य करने वालों को संदेश जाएगा कि महिलाओं और बेटियों के साथ बर्बरता करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
