
मसरूंड (चंबा)। सीनियर सेकेंडरी स्कूल मसरूंड से शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को डेपुटेशन पर भेज दिया है। इससे अभिभावक भड़क गए हैं। अभिभावकों ने शिक्षकों को जल्द वापस स्कूल में तैनात न करने पर आंदोलन की चेतावनी दे डाली है। स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष तिलक राज, किरपा राम, अजय कुमार, रूप सिंह, सरोज कुमारी, नीमो देवी, मजीद खान, नरेंद्र कुमार, नंद लाल, संजीव कुमार, गणेश कुमार तथा वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से मसरूंड स्कूल से दो शिक्षकों को हाल ही में अपग्रेड हुए सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में डेपुटेशन पर भेज दिया है।
नियमों के मुताबिक एक स्कूल से एक ही शिक्षक को डेपुटेशन पर भेजा जा सकता है। शिक्षक को स्कूल से 10 किलोमीटर के दायरे में ही डेपुटेशन पर भेजे जाने का प्रावधान है। एक शिक्षक को स्कूल से करीब 30 किलोमीटर दूर डेपुटेशन पर भेजा है जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से नियमों को ताक पर रखकर शिक्षकों को डेपुटेशन पर भेज दिया है। इससे स्कूल में जमा एक तथा दो कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब 170 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि शिक्षकों को अस्थायी तौर पर नए अपग्रेड हुए स्कूलों में भेजा गया है। नए स्कूलों में स्थायी नियुक्ति होने पर इन शिक्षकों को दोबारा स्कूल भेज दिया जाएगा।
