
उत्तरकाशी। आखिरकार बीआरओ नालूपाणी धरासू में बंद पड़े गंगोत्री हाईवे पर यातायात बहाल करने में सफल रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण मलबा आने से अभी भी सड़क बार-बार बंद हो रही है। इस हाल में लोग भारी जोखिम उठाकर इस हिस्से में आवाजाही कर रहे हैं।
नालूपाणी में भूस्खलन से गंगोत्री हाईवे 12 अगस्त को बंद हो गया था। बुधवार को बारिश बंद रहने पर बीआरओ ने तेजी से यहां मलबा साफ किया और रास्ता खुल गया। यहां फंसे रसोई गैस, सब्जी, डीजल और पेट्रोल, दूध आदि के ट्रक और टैंकर नौ दिन बाद उत्तरकाशी पहुंचे।
इधर बुधवार रात को फिर बारिश होने के बाद रास्ता फिर बंद हो गया। दिनभर कभी वाहन गुजरने तो कभी बंद होने का सिलसिला लगातार जारी रहा।
खराब हुआ दूध, सड़ गई सब्जियां
उत्तरकाशी। दस दिनों से वाहन रास्ते में ही फंसे रहने के कारण उनमें भरा दूध खराब हो गया। अधिकतर सब्जी भी सड़ गई। इस वजह से अभी नगर में दूध और सब्जी की आपूर्ति सुचारू नहीं हो पायी है। ईंधन की आपूर्ति होने से लोगों को राहत मिली।
