
शिलाई (सिरमौर)। पांवटा-शिलाई नेशनल हाइवे 72ए पर टिंबी के समीप एक ट्रक खराब होने के कारण 10 घंटों से मार्ग यातायात के लिए ठप हो गया है। जिससे दो दर्जन के करीब बसें एवं अन्य वाहन रास्ते फंस गए। देर शाम करीब चार बजे रास्ता बहाल हो पाया।
सोमवार प्रात: करीब चार बजे पांवटा – चौपाल मार्ग पर एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया। जिसकी वजह से वाहनों की आवाजाही दोनों तरफ से ठप हो गई है। दोनों और वाहनों की लंबी-लबीं कतारें लगी हैं। यात्री घंटों परेशान रहे। बसों में यात्रा कर रहे यात्री खजान सिंह, गुमान सिंह, सतपाल, इंद्र सिंह, हीरा सिंह सहित अन्य यात्रियों का कहना है कि ट्रक खराब होने से यहां बालीकोटी-शिमला की दो, पांवटा जाने वाली पांच बसें, रोहनाट-पांवटा, हरिपुरधार-पांवटा, गाताधर-पांवटा, बालीकोटी-नाहन, मिल्लाह-पांवटा, चौपाल-नाहन, नाहन-शिलाई, नाहन-चौपाल,नाहन-गाताधार सहित दो दर्जन के करीब ट्रक व बसें दोनों ओर लंबी कतार लगा कर खड़ी रही। सोमवार तड़के यहां सैकड़ों यात्री परेशानी झेलते देखे गए। ट्रक ऐसी ढांग में फंसा पड़ा था कोई दूसरा वाहन नहीं निकल पा रहे थे। जिससे दोनों और यात्री बसों व अन्य वाहनों की एक किलोमीटर से भी अधिक लंबी कतार लग गईं। शाम चार बजे रास्ता बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता गुलाब सिंह पुंडीर ने बताया कि खराब ट्रक को ठीक करने के लिए मैकेनिक लगे हुए थे। बड़ी खराबी के कारण ट्रक जल्द ठीक नहीं हो पाया। मार्ग को खोलने के भरसक प्रयास किए जा रहे थे। शाम चार बजे रास्ता बहाल हो पाया।
