दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ रहे विद्यार्थी

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत सेईकोठी के हाईस्कूल सेईकोठी को अपग्रेड करने की ग्रामीणों ने मांग की है। स्कूल अपग्रेड न होने से क्षेत्र की सेईकोठी, हरतवास, कुठेड बुदौड़ा, थनेईकोठी पंचायतों के बच्चों को दसवीं कक्षा के बाद शिक्षा ग्रहण करने के लिए मुश्किलें आ रही हैं। बच्चों को ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा की पढ़ाई करने के लिए करीब 12 किलोमीटर दूर तक सफर करना पड़ रहा है। इससे अधिकतर बच्चे दसवीं के बाद से पढ़ाई छोड़ रहे हैं। इन पंचायतों के बच्चों को जमा दो तक की पढ़ाई के लिए 12 से 15 किमी दूर स्थित बैरागढ़, भंजराडू़ व झज्जाकोठी के सीनियर सेकेंडरी स्कू लों में जाना पड़ता है। पहले लंबा पैदल सफर और फिर बस का सफर होने के कारण अधिकतर लड़कियां दसवीं के बाद पढ़ाई नहीं कर रही हैं। इससे क्षेत्र के अधिकतर बच्चे उच्च शिक्षा ग्रहण करने से वंचित रह रहे हैं। स्थानीय ग्रामीण कई बार शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार से स्कूल को जमा दो का दर्जा देने की मांग कर चुके हैं। अभी तक सेईकोठी स्कूल में जमा एक व जमा दो कक्षाओं की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है। हालांकि प्रदेश सरकार ने स्कूल को अपग्रेड करने की मांग पर हामी भर दी है। बताया जा रहा है कि स्कूल को अपग्रेड करने की प्रक्रिया चली हुई है। ग्रामीणों में शेर सिंह, विनय कुमार, चतरो राम, निहालु राम, चमन सिंह ठाकुर, देवेंद्र कुमार, देवेश, कुलदीप, सुदेश, अनीता, विंता कुमारी व बबीता ने बताया कि सेईकोठी स्कूल को जमा दो का दर्जा मिल जाता है तो इससे स्कूली बच्चों को काफी सुविधा होगी। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग व सरकार से स्कूल को जमा दो का दर्जा जल्द देने की गुहार लगाई है।
उधर, तीसा स्कूल के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने बताया कि सरकार ने स्कूल को अपग्रेड करने की मांग को मंजूरी दे दी है। कक्षाएं शुरू करवाने के लिए विभाग की ओर से आदेश नहीं मिले हैं। विभागीय आदेश मिलते ही स्कूल में जमा एक व जमा दो की कक्षाएं शुरू करवा दी जाएंगी।

Related posts