
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा से कालाआंब एनएच-72 मार्ग के कई पुल खतरनाक हो चुके हैं। करीब 65 किलोमीटर लंबे इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार बड़े पुल व एक दर्जन छोटी पुलियाएं है। अनदेखी के कारण पुल के अलावा इन एक दर्जन पुलियाओं की हालत बहुत ही दयनीय हो गई है। जर्जर पुल की संवेदनशीलता से हादसों की आशंका बनी रहती है। पांवटा से धौलाकुआं तक एनएच के मानक अनुसार सड़क चौड़ी कर दी, लेकिन दशकों पुरानी एक दर्जन से अधिक छोटी पुलियाएं जस की तस है। इनकों एनएच विभाग के मानकों अनुरूप चौड़ा नहीं किया जा सका है। कई पुलियाएं मरम्मत के आभाव में क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इनकी टूटी रेलिंग्स हादसों को निमंत्रण दे रही है। इससे रात के समय छोटे वाहनों को हमेशा हादसों का खतरा बना रहता है। हिमाचल प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री संघ पांवटा इकाई अध्यक्ष सतीश गोयल, सिरमौर ट्रक आपरेटर संघ अध्यक्ष बलजीत सिंह नागरा, सिरमौर निजी बस यूनियन अध्यक्ष मामराज शर्मा, रोड़ सेफ्टी क्लब पांवटा अध्यक्ष भजन सिंह चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता नंदलाल परवाल, बलबीर सिंह पुंडीर, रतन सिंह चौहान, लाल सिंह, अखिल शर्मा, अतर सिंह पुंडीर, नाथू राम चौहान, रामभज तोमर व जगत सिंह का कहना है कि एनएच-72 के बातापुल की हालत खराब हो चुकी है। दशकों पुराना यमुना नदी पुल भी ज्यादा अच्छी हालत में नहीं है। पांवटा से नाहन मार्ग पर मारकंडा पुल, सूरजपुर व बातापुल भी एनएच-72 मानकों के अनरूप नहीं है। पांवटा से कालाआंब तक एक दर्जन से ज्यादा छोटी पुलियाएं एनएच विभाग मानकों के अनुरूप चौड़ी नहीं है। कुछ पुलियाओं की रेलिंग्स क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे हादसे का खतरा रहता है। क्षेत्रवासियों ने एनएच पर क्षतिग्रस्त पुलों की हालत सुधारने व छोटी पुलियाओं को एनएच मानकों के अनुरूप चौड़ा बनाने व पुलों की टूटी रेलिंग्स ठीक करवाने की मांग रखी है।
बाक्स…
क्षतिग्रस्त मुख्य पुल शीघ्र ठीक होंगे: एनके वर्मा
नेशनल हाईवे विभाग के सहायक अभियंता एनके वर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त हुई बाता पुल की एप्रोच वॉल को बरसात रूकते ही ठीक करवा दिया जाएगा। यमुना पुल की सड़क को देवीनगर क्षेत्र का पानी एनएच पर ठहरने क्षति पहुंची है। क्षतिग्रस्त पुल की सड़क व कुछ पुलियाओं की टूटी रेलिंग्स ठीक करवाएंगे। एनएच-72 पर फेज वाइज सड़क चौड़ा करने की योजना पर कार्य होगा। इस दौरान छोटी पुलियाओं व सड़क को मानक के अनरूप चौड़ा किया जाएगा। धौलाकुआं से शंभूवाला रुखड़ी तक करीब 12 किलोमीटर सड़क का प्राक्कलन बनाया जा रहा है। योजना को मंजूरी के लिए भेजेंगे। बजट प्रावधान होते ही इस फेज का कार्य शुरू होगा।
