दलाईलामा पर टिप्पणी से भड़का सीटीए

मैकलोडगंज। बौद्ध धर्म के 14वें आध्यात्मिक धर्मगुरु दलाईलामा को बुद्धिज्म से अलग करने की चीन के सर्वोच्च कम्युनिस्ट नेता की सोच को केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने सिरे से खारिज कर दिया है। तिब्बती मुख्यालय के प्रेस अधिकारी छीरिंग वांगचुक के मार्फत जारी बयान में कहा गया है कि चीन की सरकार के कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेता चेन क्वाग्ंयु तिब्बत में रहने वाले तिब्बतियों के मन में तथ्यहीन धारणाएं पैदा करके उन्हें धर्मगुरु दलाईलामा तेंजिन ग्यात्सो के खिलाफ भड़का रहे हैं। साथ ही चीन उनके चौदहवें धर्मगुरु न होने की षड्यंत्रकारी योजना बनाने की चाल चल रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मगुरु दलाईलामा के प्रति तिब्बतियों को भ्रमित करके चीनी नेता धर्मगुरु को बौद्ध धर्म से पूर्णतया अलग मान रहे हैं। तिब्बत की वास्तविकता से जूझते हुए धर्मगुरु दलाईलामा को आज साठ वर्ष हो गए हैं, लेकिन चीन के इस क्रूरतापूर्ण रवैये के चलते तिब्बत में रहकर निर्वासन का दंश झेल रहे तिब्बतियों ने आज तक तिब्बत में सुकून की सांस नहीं ली है। उन्हाेंने कहा कि चीन की इस तरह की बेतुकी बयानबाजी तिब्बत के मसले को सुलझाने में बाधा डाल सकती है।

Related posts