
धारचूला। आपदा प्रभावितों को शरण देने वाले गांवों में भी अब खतरा मंडराने लगा है। दर और सुवा गांव में लगातार हो रहा भूकटाव खतरे का सबब बनने लगा है। इन गांवों में रहने वाले कई परिवारों ने अपना मकान छोड़ दिया है। लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से धारचूला तहसील के सुवा गांव के मेवाधार और अखड़खोला तोक में जल भराव हो गया है। इस वजह से गांव के तीनों ओर से भू कटाव शुरू हो रहा है। ग्राम प्रधान राधा देवी ने बताया कि कई परिवारों ने अपने मकान छोड़ दिए हैं। सुरक्षा के अभाव में यहां रहने वाले 130 परिवार कभी भी मलबे में दफन हो सकते हैं। उधर, दर गांव में भी गटखोला नाले की वजह से भू कटाव हो रहा है। यहां रहने वाले ईश्वर सिंह, कवींद्र सिंह, चंद्र सिंह, गोदई सिंह और मंगल सिंह ने अपने मकान छोड़ दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रभावितों को तत्काल विस्थापित करने की मांग की है। उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक वास्तविक स्थिति का पता लगाने रवाना हो गए हैं। प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
