
नूरपुर (कांगड़ा)। थाना क्षेत्र नूरपुर के अंतर्गत सदवां के समीप गुरचाल में दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हादसे में एक अन्य महिला व करीब एक साल का मासूम बच्चा गंभीर घायल हो गए। घायलों को नूरपुर सिविल अस्पताल में भरती करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब दो बजे अयोध्या लाल पुत्र बंसी लाल निवासी गांव ममूह अपनी माता लक्ष्मी देवी व अपने छोटे भाई की धर्मपत्नी पिंकी देवी पत्नी तिलक राज और भतीजे प्रियांश के साथ अपनी स्कूटी पर गुरचाल से सदवां की ओर आ रहा था। गुरचाल के पास नूरपुर से चंबा की तरफ जा रही तेज रफ्तार बोलेरो जीप (पीबी 02-7103) ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बिजली बोर्ड में बतौर लाइनमैन कार्यरत अयोध्या लाल व उसकी माता लक्ष्मी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे के वक्त स्कूटी पर सवार तिलक राज की पत्नी पिंकी देवी व उसका बेटा प्रियांश गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राकेश पठानिया, जिला परिषद सदस्य अशोक शर्मा व ममूह गुरचाल के पूर्व उपप्रधान रविन्द्र चौधरी घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे में घायल मां-बेटे को इलाज के लिए नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया, लेकिन उनके परिजन घायल मां-बेटे को पठानकोट के निजी अस्पताल में ले गए। घायल महिला पिंकी देवी की बाजू में फ्रेक्चर बताया जा रहा है। वहीं,घायल एक वर्षीय मासूम बच्चे के सिर पर चोट लगी है। उधर, पुलिस ने बोलेरो जीप को कब्जे में लेकर आरोपी चालक राजदीप सिंह निवासी पठानकोट (पंजाब) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
