दर्जा कैबिनेट मंत्री और डीएम ने देखी आपदा से तबाही

टनकपुर। दर्जा कैबिनेट मंत्री हेमेश खर्कवाल तथा जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने अधिकारियों के लाव लश्कर के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर क्षति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आपदा से बचाव के लिए जल्द कारगर कदम उठाए जाएंगे। प्रभावितों को हरसंभव राहत मुहैया कराई जाएगी। एसडीएम जेएस राठौर को क्षति का आंकलन कर जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है।
क्षेत्रीय विधायक और जिलाधिकारी तीन दिन बाद बृहस्पतिवार को आपदा का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने पहले शारदा चुंगी कालोनी में शारदा नदी से हुई तबाही का निरीक्षण कर आपदा पीड़ितों का हाल जाना। टनकपुर बैराज के समीप नेपाल की ओर शारदा के तटबंध में हुए कटाव का निरीक्षण कर एनएचपीसी के अधिकारियों को मैन पावर (श्रमिक) बढ़ाकर बचाव कार्य में तेजी के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्णागिरि मार्ग के गांवों में शारदा नदी और बरसाती नालों से हुई तबाही का भी निरीक्षण कर लोगों की समस्या सुनी। उचौलीगोठ बरमदेव के ग्रामीणों ने शारदा और बरसाती नालों से कटाव की रोकथाम को शीघ्र कारगर कदम उठाने का आग्रह किया। बरमदेव के ग्रामीणों ने दर्जा मंत्री तथा जिलाधिकारी के समक्ष विस्थापन की मांग उठाई। बूम स्थित मातृका आश्रम की साध्वी मां माधवी ने आश्रम के समीप कटाव रोकने को वायर क्रेट्स लगाने का आग्रह किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी, सीओ पीएस पांगती, तहसीलदार अरुण कुमार के अलावा बिजली, वन, पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य, राजस्व, जलसंस्थान, लोनिवि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts