
जमटा (सिरमौर)। क्षेत्र की कांडो कांसर पंचायत में माता देवी दरभौणी ग्रामीण मेला धूमधाम से आरंभ किया गया। मेले का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रधान रीता देवी ने किया। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से दुर्गा नव युवक मंडल को 5100 रुपयों की राशि बतौर प्रोत्साहन प्रदान की। इस मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मां के दर्शनों के लिए उमड़ी। लोगों ने मंदिर में जाकर पूजा अर्चना के साथ माथा टेका। दुर्गा नवयुवक मंडल प्रधान कुलदीप शर्मा ने बताया कि ग्रामीण मेले में भारी संख्या में भाग लेने पहुंचे हैं।
बीते शुक्रवार को शुरू हुए इस मेले में देर रात को मांग भगवती का विशाल जागरण आयोजित किया गया। इससे पूर्व मेले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। शुक्रवार को क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए लगभग 32 ग्रामीण क्रिकेट टीमों ने अपना पंजीकरण करवाया। पहले मैच में यंग स्टार गातू ने माऊंटेन व्यू बारथल मढ़ाणा को 16 रनों से पराजित कर लिया। खेले गए दूसरे मैच में सिडनी सिक्सर किंग पंजाहल ने बागना की सुपर स्टार टीम से 11 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया।
उधर खेल कूद प्रतियोगिता के बाद देर रात जागरण का भी आयोजन किया गया जिसमें शंभूवाला से प्रमोद शर्मा एंड पार्टी ने श्रद्धालुओं का खूब मनोरंजन किया। इससे पूर्व शनिवार को दूसरे दिन मेले का शुभारंभ बीडीसी सदस्य कांडो कांसर राम लाल ने किया। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से नवयुवकों को 3100 रुपये प्रोत्साहन के रूप में दिए। प्रतियोगिता का समापन सीपीएस विनय कुमार रविवार 13 अक्तूबर को करेंगे।
