
पिरान कलियर। नलकूप की मोटर फुंकने से दरगाह क्षेत्र समेत तीन गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है। करीब दो महीने से आए दिन यह समस्या खड़ी हो रही है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।
दरगाह क्षेत्र में जल संस्थान का पेयजल नलकूप और ओवरहेड टैंक है। इस टैंक से दरगाह क्षेत्र के अलावा कलियर गांव, मुकर्रबपुर, बेड़पुर गांव के लिए पेयजल की आपूर्ति की जाती है। चार-पांच दिन पहले नलकूप की मोटर फुंक गई थी। तब से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। दो महीने की भीतर नलकूप की मोटर कई बार फुंक चुकी है। मुकर्रबपुर के प्रधान सफक्कत, कलियर के प्रधान सलीम का कहना है कि ग्रामीणों को हैंडपंपों से पानी भरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलसंस्थान समस्या का स्थायी समाधान नहीं करता है तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं, जल संस्थान के सहायक अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि लो-वोल्टेज के चलते यह समस्या खड़ी हो रही है। ऊर्जा निगम से ज्यादा क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई है। इसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।
