
बागेश्वर। बागेश्वर तहसील के अंतर्गत खुनौली गांव के बहाली तोक में जबरदस्त भूस्खलन हो रहा है। भयभीत गांव के 12 परिवारों ने अपने घर छोड़कर जंगल में शरण ले रखी है। वे टैंट में रात गुजार रहे हैं। विधायक प्रतिधिनि वीरेंद्र नगरकोटी ने सोमवार को प्रभावितों का हाल चाल जाना और प्रशासन से पीड़ित परिवारों के विस्थापन की मांग की।
गत दिनों हुई बारिश से खुनौली गांव के बहाली तोक में जबरदस्त भूस्खलन हुआ। भूस्खलन से 12 परिवार खतरे की जद में आ गए। पीड़ित शेखर राम, कुंदन राम, हिम्मत राम, केशव राम, जोगा राम, भूपाल राम, मोहन राम, हयात राम, जीवन राम, शंकर राम, राजेंद्र राम तथा हीरा ने अपने घर छोड़ दिए हैं। सभी 12 परिवार टैंट लगाकर पास के जंगल में रह रहे हैं। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण के प्रतिनिधि वीरेंद्र नगरकोटी ने आपदा प्रभावित लोगों के हाल जाना। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के पास खाने को राशन नहीं है। मवेशी भी जंगल में रह रहे हैं। यहां जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीणों को अन्यत्र विस्थापित करने की मांग की है। उनके साथ कांग्रेस के कांडा ब्लाक अध्यक्ष दीप कांडपाल, आलम मेहरा, नीरज गड़िया, प्रकाश तथा गोपाल वर्मा आदि भी थे। इधर एसडीएम फींचा राम ने बताया कि यह गांव पहले से ही विस्थापन के लिए चयनित है।
उल्लेखनीय है कि बहाली तोक में पूर्व में भी भूस्खलन से तीन मकान धराशायी हुए थे। जिसमें लोगों को घरेलू सामान मकान में दब गया था।
